देशभर में फिटनेस, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित ‘फिट इंडिया संडेज ऑन साइकिल’ अभियान के 77वें संस्करण में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। दिल्ली से लेकर मुंबई, भोपाल, जम्मू और बीकानेर तक आयोजित कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, कलाकारों, खिलाड़ियों, अधिकारियों और आम नागरिकों ने साइकिल चलाकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में अभिनेता विक्रांत मैसी विशेष रूप से शामिल हुए। उन्होंने कहा कि रविवार की यह सुबह उन्हें अपने बचपन के दिनों की याद दिला गई, जब वे दोस्तों के साथ साइकिल चलाने निकलते थे। उन्होंने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया के साथ उनकी सकारात्मक बातचीत हुई और इस अभियान का मूल संदेश यही है कि लोगों को अपनी सेहत का विशेष ध्यान रखना चाहिए।"
विक्रांत ने कहा कि भारत को आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने के लिए नागरिकों का फिट रहना बेहद आवश्यक है। उन्होंने बताया कि पिछले डेढ़ वर्ष से चल रहा ‘संडेज़ ऑन साइकिल’ कार्यक्रम लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक कर रहा है।