भारत और रूस के संबंध ऐतिहासिक रहे हैं। दोनों देशों ने विपरीत परिस्थितियों में भी कभी एक दूसरे का साथ नहीं छोड़ा है। राजनयिक के साथ सांस्कृतिक एकता को बढ़ावा देने के लिए भारत और रूस में दूतावास कई तरह के कार्यक्रम आयोजित करते रहते हैं। इन कार्यक्रमों से दोनों देशों के लोगों को करीब आने का मौका मिलता है। नई दिल्ली स्थित रूस के दूतावास ने रविवार को साइकिल रैली का आयोजन किया था।
इस आयोजन में रूस के दूतावास के बड़े अधिकारियों के साथ ही दिल्ली और भारत के अलग-अलग राज्यों से आए लोगों ने भाग लिया। रैली में भाग लेने वाले प्रतिभागियों ने इसे न सिर्फ स्वास्थ्य बल्कि भारत-रूस संबंधों को मजबूत रखने की दिशा में अहम बताया।
भारत में रूसी दूतावास में मिनिस्टर काउंसलर और डिप्टी चीफ ऑफ मिशन रोमन बाबुश्किन ने कहा, "यह रैली एक परंपरा बन गई है। हमें उम्मीद है कि अगले साल, जब हम राजनयिक संबंधों की 80वीं सालगिरह मनाएंगे, तो यह संख्या बढ़ेगी।"