डी गुकेश: 7 साल की उम्र में चली शतरंज की पहली बाजी, सबसे युवा वर्ल्ड चैंपियन बनकर रचा इतिहास (Image Source: IANS)
डोम्माराजू गुकेश। शतरंज की दुनिया में तेजी से उभरता हुआ एक चैंपियन खिलाड़ी। गुकेश ने महज 7 साल की उम्र में शतरंज की अपनी पहली चाल चली थी। उन्होंने महज 18 साल की उम्र में विश्व चैंपियन कहलाने का तमगा हासिल किया। 5 फुट और 7 इंच के गुकेश अपनी चालों से विपक्षी खिलाड़ी को भी अपना मुरीद बना लेते हैं।
डी गुकेश का जन्म 29 मई, 2006 को चेन्नई में हुआ। गुकेश के पिता डॉ. रजनीकांत ईएनटी सर्जन हैं, जबकि उनकी मां माइकोबायोलॉजिस्ट हैं। यानी परिवार का शतरंज से दूर-दूर तक कोई लेना-देना नहीं था।
हालांकि, गुकेश की बचपन से ही इस खेल के प्रति खास रुचि थी। उन्होंने 7 साल की उम्र में शतरंज की अपनी पहली बाजी चली। गुकेश का मन पढ़ाई से ज्यादा शतरंज की चालों में लगता था। हफ्ते के कम से कम तीन दिन गुकेश एक से दो घंटे प्रैक्टिस किया करते थे।