डेविस कप क्वालीफायर के दूसरे दौर में कोरिया के खिलाफ भारत के लिए पहला दिन मुश्किल भरा रहा। शुक्रवार को यहां ओलंपिक टेनिस कोर्ट पर दक्षिणेश्वर सुरेश और सुमित नागल, दोनों ही तीन सेट के मुकाबलों में बढ़त बनाने के बावजूद हार गए, जिससे भारतीय टीम 0-2 से पिछड़ गई।
कोरिया अब डेविस कप के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने से सिर्फ एक जीत दूर है। ऐसा पहली बार हुआ है, जब सूनवू क्वोन और ह्योन चुंग ने भारत के शीर्ष दो सिंगल्स खिलाड़ियों के खिलाफ शानदार वापसी करते हुए जीत हासिल की। मैच का रुख दोपहर के सत्र में बदला, जब क्वोन ने सुरेश को डेविस कप में उनकी पहली हार का स्वाद चखाया। धीमी शुरुआत के बावजूद उन्होंने वापसी करते हुए 4-6, 6-3, 6-4 से जीत दर्ज की।
गर्मी और बादलों वाले मौसम में सुरेश ने अच्छी शुरुआत की और पहले सर्विस गेम में ही क्वोन की सर्विस तोड़ दी। हालांकि, कोरियाई खिलाड़ी को घरेलू दर्शकों का समर्थन मिल रहा था, लेकिन शुरुआत में धीमे कोर्ट पर उन्हें अपनी लय पाने में दिक्कत हुई। मगर दूसरे सेट में बाजी पलट गई। क्वोन ने रिटर्न पर आक्रामक रुख अपनाया और सुरेश की सर्विस पर जल्दी हमला करना शुरू कर दिया। इस रणनीति के कारण भारतीय खिलाड़ी ने चार डबल फॉल्ट किए। इसके बाद क्वोन ने छठे गेम में ब्रेक प्वाइंट हासिल किया और सेट अपने नाम कर लिया।