देश की राजधानी दिल्ली में रविवार सुबह फिटनेस और पर्यावरण के प्रति जागरूकता का अनोखा संगम देखने को मिला। 'फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल' के 66वें संस्करण में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। इस बार कार्यक्रम की खास थीम 'गार्डियंस ऑफ नेचर' (प्रकृति के रक्षक) रही, जिसमें वन रक्षकों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। वर्दी पहने वन रक्षक साइकिलों पर सवार होकर इंडिया गेट से गुजरे, जो इस आयोजन का मुख्य आकर्षण रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम से हुई, जहां सेना के बैंड ने देशभक्ति की धुनें बजाईं और शंखनाद के साथ साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाई गई। इस आयोजन का उद्देश्य लोगों को फिटनेस के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना था। इसमें पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय तथा जल शक्ति मंत्रालय ने मिलकर सहयोग किया।
इस साइकिल रैली में 500 से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया। सुबह-सुबह ही हर उम्र के लोग यहां पहुंच गए थे। साइकिलिंग शुरू होने से पहले प्रतिभागियों ने जुम्बा, योग और रस्सी कूद जैसी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया, जिससे पूरे माहौल में ऊर्जा और उत्साह बना रहा। इस मौके पर 'प्रथम पीएसपीबी फिट इंडिया साइक्लोथॉन’ का भी आयोजन किया गया। इसमें अलग-अलग आयु वर्ग के लोगों ने प्रतिस्पर्धा में हिस्सा लिया और अपनी फिटनेस का प्रदर्शन किया। 5 किलोमीटर की इस दौड़ में पुरुष और महिला दोनों वर्गों के प्रतिभागियों ने दमखम दिखाया।