दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को दिल्ली सचिवालय से 22वीं राष्ट्रमंडल टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026 (सीटीटीसी 2026) की आधिकारिक घोषणा की। यह प्रतिष्ठित अंतर्राष्ट्रीय टूर्नामेंट 27 जुलाई से 2 अगस्त, 2026 तक नई दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा।
इस अवसर पर, दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री आशीष सूद, खेल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, राष्ट्रमंडल टेबल टेनिस महासंघ के अध्यक्ष विवेक कोहली, राष्ट्रमंडल टेबल टेनिस महासंघ के सलाहकार बृजेश माथुर, भारतीय टेबल टेनिस महासंघ (टीटीएफआई) के उपाध्यक्ष राजीव दुग्गल, दिल्ली राज्य टेबल टेनिस संघ की उपाध्यक्ष दीपाली गुप्ता, दिल्ली राज्य टेबल टेनिस संघ के महासचिव बलबीर सिंह, द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता संदीप गुप्ता, और खेल जगत की कई अन्य जानी-मानी हस्तियां उपस्थित थीं।
दिल्ली सरकार और भारतीय टेबल टेनिस महासंघ (टीटीएफआई) द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित की जा रही इस चैंपियनशिप को राष्ट्रीय राजधानी में शीर्ष-स्तरीय अंतर्राष्ट्रीय खेल आयोजनों की शानदार वापसी के रूप में देखा जा रहा है। इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, न्यूजीलैंड, साउथ अफ्रीका, मलेशिया, सिंगापुर, स्कॉटलैंड, वेल्स, नाइजीरिया, केन्या, जमैका और त्रिनिदाद एवं टोबैगो सहित 35 से अधिक राष्ट्रमंडल देशों के खिलाड़ियों और प्रतिनिधियों के इस टूर्नामेंट में भाग लेने की उम्मीद है।