Compound Mixed Team Final: भारतीय तीरंदाज साहिल राजेश जाधव और चिकिता तनिपार्थी की जोड़ी ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए एशियन गेम्स 2026 में मिक्स्ड कंपाउंड इवेंट में भारत को गोल्ड मेडल दिलाया। भारतीय जोड़ी की इस खास उपलब्धि के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने उन्हें बधाई दी है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "एशियन गेम्स 2026 में कंपाउंड मिक्स्ड आर्चरी टीम इवेंट में गोल्ड मेडल जीतने पर चिकिता तनिपार्थी और साहिल राजेश जाधव को बहुत-बहुत बधाई। हर तीर के सही निशाने पर लगने के साथ, आपने सटीकता और निरंतरता का बेहतरीन तालमेल दिखाते हुए शानदार प्रदर्शन किया है। यह आपके कौशल और दृढ़ संकल्प का अद्भुत प्रदर्शन है।"
केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने राजेश-चिकिता की जोड़ी को बधाई देते हुए 'एक्स' पर लिखा, "भारत के लिए गोल्ड। एशियन गेम्स 2026 में कंपाउंड मिक्स्ड टीम इवेंट में गोल्ड मेडल जीतने पर राजेश जाधव और चिकिता तनिपार्थी को बहुत-बहुत बधाई। यह एक शानदार जीत है, जिससे भारत के लिए लॉस एंजिल्स ओलंपिक 2028 का कोटा भी पक्का हो गया है।"