मैनचेस्टर सिटी के डिफेंडर रूबेन डियास ने रविवार को होने वाले मैनचेस्टर डर्बी से पहले कहा कि उन्हें मैनचेस्टर यूनाइटेड के खिलाफ कड़ी टक्कर की उम्मीद है। डियास ने माना कि उनकी टीम शहर की प्रतिद्वंद्वी से मिलने वाली चुनौती से अच्छी तरह वाकिफ है और ओल्ड ट्रैफर्ड में होने वाले मुकाबले के लिए पूरी तैयारी के साथ उतरेगी।
नए सीजन की बेहतरीन शुरुआत के बाद सिटी आत्मविश्वास के साथ प्रीमियर लीग के इस बड़े मुकाबले में उतर रही है, लेकिन डियास ने कहा कि यूनाइटेड के खिलाफ लापरवाही की कोई गुंजाइश नहीं होगी।
डियास ने 'जियो स्टार' से कहा, "यह एक मुश्किल गेम है। यह प्रीमियर लीग है। आप जानते हैं कि इसका क्या मतलब है। हम आत्मविश्वास के साथ इसमें उतर रहे हैं और खेलने के लिए बेताब हैं। यह हाई लेवल का गेम है और यही इस लीग की खूबसूरती है। आप आसान गेम की उम्मीद नहीं कर सकते। हम प्रत्येक प्रतिद्वंद्वी का सम्मान करते हैं और सभी के लिए एक ही तरह से तैयारी करते हैं। हमें पता है कि मैनचेस्टर यूनाइटेड क्या कर सकती है। हम चुनौती के लिए तैयार रहेंगे।"