सर्बिया के दिग्गज खिलाड़ी नोवाक जोकोविच फ्रेंच ओपन 2026 में दर्शकों के बर्ताव से काफी नाखुश हैं। जोकोविच ने कहा कि उम्मीद है कि टूर्नामेंट में उन्हें अब फ्रांस के किसी भी खिलाड़ी का सामना नहीं करना पड़ेगा। जोकोविच वैलेंटिन रॉयर के खिलाफ हुए मैच में दर्शकों द्वारा की गई लगातार हूटिंग से गुस्से में नजर आए।
जोकोविच ने दूसरे राउंड में रॉयर पर चार सेट में 6-3, 6-2, 6-7(9), 6-3 से जीत हासिल करके अपने 25वें ग्रैंड स्लैम खिताब की तरफ कदम बढ़ाया। टूर्नामेंट के लगातार दूसरे मुकाबले में जोकोविच का सामना फ्रांस के खिलाड़ी से हुआ। पहले राउंड में जोकोविच ने जियोवानी मपेट्शी पेरीकार्ड को हराया था।
मैच के दौरान एक समय ऐसा आया जब जोकोविच ने भीड़ की हूटिंग के बाद ताली बजाई और अंपायर ने शांत रहने को कहा। अंपायर ने कहा, 'लेडीज एंड जेंटलमैन, कृपा दोनों खिलाड़ियों की थोड़ी इज्जत करें।" जोकोविच ने तुरंत कहा, "उनमें कोई इज्जत नहीं है।" सर्बियाई खिलाड़ी ने कहा, "मुझे उम्मीद है कि मैं बाकी टूर्नामेंट में किसी और फ्रेंच खिलाड़ी के साथ नहीं खेलूंगा।"