हरियाणा के नूंह में खेले जा रहे डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई प्लेयर्स चैंपियनशिप में ध्रुव श्योराण ने अपनी शानदार फॉर्म जारी रखते हुए बढ़त को और मजबूत कर लिया है। तीसरे राउंड के बाद वह 15-अंडर 201 के स्कोर के साथ तीन शॉट की बढ़त पर बने हुए हैं।
गुरुग्राम के 31 साल के ध्रुव ने तीसरे राउंड में छह-अंडर 66 का बेहतरीन स्कोर किया। यह उनका लगातार दूसरा 66 का स्कोर है। उन्होंने बिना कोई बड़ी गलती किए शानदार खेल दिखाया और पूरे राउंड में बढ़त बनाए रखी। श्योराण ने अपने राउंड की शुरुआत दमदार अंदाज में की। उन्होंने दूसरे से पांचवें होल तक लगातार चार बर्डी लगाईं, जिससे उन्हें शुरुआती बढ़त मिल गई। इसके बाद उन्होंने 10वें और 11वें होल पर भी बर्डी लगाकर अपनी स्थिति और मजबूत कर ली।
इस साल की शुरुआत में चोट के कारण लंबे समय तक बाहर रहने के बाद लौटे सुनीत चौरसिया दूसरे स्थान पर हैं, जिनका कुल स्कोर 12-अंडर 204 है। कोलकाता के चौरसिया ने तीसरे राउंड में चार-अंडर 68 का स्कोर किया, जिसमें पांच बर्डी और एक बोगी शामिल रही। वह फाइनल राउंड से पहले खिताब की दौड़ में बने हुए हैं।