दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) 2026 के 13वें मुकाबले में पुरानी दिल्ली-6 ने न्यू दिल्ली टाइगर्स को 27 रनों से हराया। पुरानी दिल्ली से मिले 178 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यू दिल्ली की टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 150 रन ही बना सकी।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यू दिल्ली टाइगर्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही और तनुज पवार सिर्फ 2 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद लक्ष्य थरेजा भी 12 गेंदों का सामना करने के बाद 10 रन बनाकर आउट हुए। 13 के स्कोर पर 2 विकेट खोकर मुश्किल में नजर आ रही न्यू दिल्ली टाइगर्स की लड़खड़ाती हुई पारी को कप्तान हिम्मत सिंह और वैभव रावल ने संभाला और तीसरे विकेट के लिए 54 रनों की अहम साझेदारी निभाई।
वैभव 32 गेंदों का सामना करने के बाद 33 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, कप्तान हिम्मत 25 गेंदों में एक चौका और तीन छक्कों की मदद से 36 रन बनाने के बाद उद्धव मोहन का शिकार बने। केशव दलाल सिंह अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठा सके और 18 गेंदों में 25 रन बनाने के बाद पवेलियन लौटे।