135वें डूरंड कप के 'ग्रुप-ई' मैच में शिलांग लाजोंग एफसी ने मुंबई एफसी को 5-0 से रौंदा। शनिवार को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में जीत से शिलांग लाजोंग एफसी के क्वार्टर फाइनल में पहुंचने की उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं।
एवरब्राइटसन साना ने दो गोल किए, जबकि अभय गुरुंग, ट्रेमिकी लामुरोंग और फिगो सिंडाई ने भी गोल दागे। घरेलू दर्शकों के भारी शोर-शराबे के बीच मेजबान टीम ने मुंबई से आई मेहमान टीम को आसानी से मात दी।
इस नतीजे के साथ शिलांग लाजोंग दो मुकाबलों में छह अंकों के साथ 'ग्रुप-ई' में टॉप पर पहुंच गई है; उन्होंने अपने शुरुआती दोनों मैच जीते हैं। लैंगसनिंग एफसी चार अंकों के साथ दूसरे और नोंगक्सेह एसएसएंडसीसी एक अंक के साथ तीसरे स्थान पर हैं। मुंबई एफसी, जिसने अब तक खेले गए दो मैचों में कोई अंक हासिल नहीं किया है, टेबल में सबसे नीचे है।