Ariel Dad: ओलंपिक पदक विजेता मुक्केबाज मैरी कॉम के पूर्व पति ओन्लर कॉम ने उनके खिलाफ आपराधिक मानहानि (क्रिमिनल डिफेमेशन) की कार्रवाई शुरू की है। उनका आरोप है कि मैरी कॉम ने टेलीविजन कार्यक्रमों और अन्य सार्वजनिक मंचों पर उनके बारे में अपमानजनक और उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने वाली टिप्पणियां की हैं।
ओन्लर ने कहा कि केस दर्ज कर लिया गया है और अगली सुनवाई 19 नवंबर 2026 को तय की गई है। ओन्लर ने 'आईएएनएस' को बताया, "वह सिर्फ ध्यान खींचने के लिए सार्वजनिक मंचों पर मेरे बारे में बहुत सारे झूठ बोल रही हैं। मैंने उनके खिलाफ आपराधिक मानहानि का केस दर्ज कराया है। केस दर्ज हो चुका है और अगली सुनवाई 19 नवंबर 2026 को होगी।"
यह घटनाक्रम इस पूर्व जोड़े के बीच जारी सार्वजनिक विवाद के बीच हुआ है। मैरी कॉम ने पहले ओन्लर पर अपने बॉक्सिंग करियर से कमाए करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि उनके नाम पर लोन लिए गए, उनकी संपत्ति गिरवी रखी गई और उनकी उचित सहमति के बिना कुछ संपत्तियां ओन्लर के नाम ट्रांसफर कर दी गईं।