फीबा 3x3 वर्ल्ड कप में लातविया की पुरुष टीम, जबकि अमेरिका की महिला टीम ने खिताब अपने नाम किए। यह मुकाबले पोलैंड के वारसॉ में खेले गए।
लातविया ने पुरुषों के फाइनल में जर्मनी को 20-15 से शिकस्त देकर अपना पहला 3x3 वर्ल्ड कप खिताब जीता। इस जीत के साथ लातविया प्रमुख अंतरराष्ट्रीय सम्मानों का संग्रह पूरा करने वाली पहली पुरुष टीम बन गई। इस टीम ने 2020 टोक्यो ओलंपिक में गोल्ड और यूरोपीय कप 2017 अपने नाम किया था। सर्बिया ने फ्रांस को 20-19 से हराकर कांस्य पदक जीता।
महिलाओं के मुकाबले में, अमेरिका ने फाइनल में ऑस्ट्रेलिया को 21-20 से मात दी। मिकायला विलियम्स ने विजयी बास्केट किया, जिन्हें टूर्नामेंट का मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर (एमवीपी) चुना गया। यह जीत अमेरिकी महिलाओं के लिए चौथा 3x3 वर्ल्ड कप खिताब था। इससे पहले टीम ने साल 2012, 2014 और 2023 में खिताबी जीत हासिल की थी, जबकि ऑस्ट्रेलिया पहली बार महिला फाइनल में पहुंचा था। नीदरलैंड ने अजरबैजान पर 21-14 से जीत के साथ ब्रॉन्ज अपने नाम किया।