फीफा विश्व कप 2026 अपने आखिरी पड़ाव पर पहुंच चुका है। सोमवार को भारतीय समयानुसार 12:30 बजे (एएम) से विश्व कप का फाइनल मुकाबला स्पेन और अर्जेंटीना के बीच खेला जाना है। भारत में भी विश्व कप को लेकर जबरदस्त उत्साह रहा है। भारतीय फुटबॉल फैंस फाइनल मुकाबले का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं और अपनी पसंदीदा टीमों का समर्थन कर रहे हैं।
पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी के एक मिठाई दुकान मालिक राजीव घोष फीफा विश्व कप 2026 के फाइनल में अर्जेंटीना का सपोर्ट कर रहे हैं। उन्होंने अपने मिठाई की दुकान की सजावट बिल्कुल अर्जेंटीना की जर्सी के रंगों वाले बैलून और मेसी की तस्वीरों से की है। उन्होंने अपनी दुकान की मिठाइयां भी अर्जेंटीना की जर्सी के रंग वाली बनाई है।
आईएएनएस से बात करते हुए राजीव घोष ने कहा, "मैं अर्जेंटीना का समर्थक हूं और बचपन से मेसी का फैन हूं। 2022 विश्व कप में भी मैंने अपने दुकान को सजाया था। इस बार भी रसगुल्ला और अन्य मिठाइयां बनी हैं। सब अर्जेंटीना की पहचान वाली हैं। मैं चाहता हूं कि अर्जेंटीना जीते और अर्जेंटीना ही जीतेगी।"