स्पेन के बास्क क्षेत्र के बिलबाओ और सैन सेबेस्टियन शहर ने फीफा वर्ल्ड कप 2030 के मुकाबलों की मेजबानी के लिए संयुक्त रूप से एकल बोली पेश करने का औपचारिक फैसला किया है। यह वर्ल्ड कप स्पेन, पुर्तगाल और मोरक्को में आयोजित किया जाएगा।
दोनों शहरों के अधिकारियों और बास्क क्षेत्रीय सरकार ने सोमवार को कहा कि दोनों मेजबान शहरों के संस्थान विश्व कप 2030 के मेजबान बनने के लिए पिछले चार वर्षों से लगन से काम कर रहे हैं। आगामी चरणों में भी इसी रास्ते पर चलते रहेंगे।
बास्क संस्थानों के अनुसार, यह तय किया गया कि शुरू में अलग-अलग दो बोलियां रखने के बजाय, दोनों स्थानों के बीच परामर्श की प्रक्रिया के तहत फीफा के सामने एक ही बजट पेश किया जाए, जिसमें उन पहलुओं का जिक्र हो जिन्हें वे पूरा करने को तैयार हैं। इसमें यह माना गया है कि दोनों स्थानों को मिलाकर एक ही मेजबान स्थान के तौर पर देखा जाएगा। प्रत्येक स्टेडियम में ग्रुप-चरण के दो मैच खेले जाएंगे।