फीफा वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत से पहले आखिरी वॉर्म-अप मुकाबले में अर्जेंटीना ने आइसलैंड के खिलाफ 3-0 से जीत दर्ज की। चोट से उबरने के बाद मैदान पर लौटे लियोनेल मेसी भी बेहतरीन लय में दिखाई दिए और उन्होंने एक गोल किया।
एक मजबूत टीम के खिलाफ खेलते हुए आइसलैंड ने मैच की शुरुआत में अच्छा प्रदर्शन किया और कुछ मौके भी बनाए। मिकेल एलर्टसन के पास गोल करने का अच्छा अवसर था, लेकिन वह हाथ आए इस मौके को भुनाने में नाकाम रहे। यह मौका बाद में मैच का अहम मोड़ साबित हुआ। इसके बाद अर्जेंटीना ने खेल पर पकड़ बनाई। आठवें मिनट में वैलेंटिन बार्को ने बॉक्स के बाहर से शानदार शॉट लगाकर पहला गोल किया और टीम को शुरुआती बढ़त दिला दी।
पहले हाफ में अर्जेंटीना ने लगातार आइसलैंड की डिफेंस पर दबाव बनाया, लेकिन और गोल नहीं कर सका। हाफ टाइम तक स्कोर 1-0 रहा। दूसरे हाफ में अर्जेंटीना के कोच ने कई बड़े बदलाव किए। एलेक्सिस मैक एलिस्टर, एंजो फर्नांडीज और लुटारो मार्टिनेज को सब्स्टीट्यूट के तौर पर मैदान पर उतारा गया। इन खिलाड़ियों के आने से टीम का आक्रमण और मजबूत हो गया।