फीफा वर्ल्ड कप 2026 के राउंड ऑफ 32 मुकाबले में डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना काबो वर्डे के खिलाफ उलटफेर से बाल-बाल बच गया। मियामी स्टेडियम में रोमांच से भरपूर मुकाबले में अर्जेंटीना ने काबो वर्डे को 3-2 से हराकर अंतिम-16 में जगह बना ली है।
काबो वर्डे ने पूरे मुकाबले में अर्जेंटीना के ऊपर दबाव बनाए रखा और मैच का नतीजा अतिरिक्त समय में जाकर निकल सका। निर्धारित 90 मिनट में स्कोर 2-2 की बराबरी पर रहा। हालांकि, अतिरिक्त समय में डिने बोर्गस अपना ही गोल (आत्मघाती गोल) कर बैठे, जिसके चलते पहली बार विश्व कप में शामिल हुई काबो वर्डे के यादगार सफर पर विराम लग गया।
मुकाबले में अर्जेंटीना और काबो वर्डे के बीच जोरदार टक्कर देखने को मिली। हालांकि, मैच के 29वें मिनट में लियोनेल मेसी ने अर्जेंटीना को 1-0 की बढ़त दिलाई। लिसेंड्रो मार्टिनेज के बेहतरीन पास को मेसी ने गोल में तब्दील करने में कोई गलती नहीं की। इसके बाद पहले हाफ में दोनों टीमों की तरफ से कई प्रयास किए गए, लेकिन कोई गोल नहीं हो सका।