फीफा वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप डी मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया और पैराग्वे के बीच खेला गया मुकाबला गोलरहित ड्रॉ पर खत्म हुआ। इस नतीजे के साथ ऑस्ट्रेलियाई टीम ने ग्रुप में दूसरा स्थान हासिल कर राउंड ऑफ 32 में अपनी जगह पक्की कर ली है।
ऑस्ट्रेलिया का नॉकआउट स्टेज में 4 जुलाई को डलास में ग्रुप जी की उपविजेता से सामना होगा। वहीं, पैराग्वे ग्रुप डी में तीसरे स्थान पर रहा। टीम को अब राउंड ऑफ 32 में पहुंचने के लिए बाकी ग्रुपों के नतीजों पर निर्भर रहना होगा। टूर्नामेंट के शेड्यूल के अनुसार, सभी ग्रुप से मिलाकर तीसरे स्थान पर रहने वाली सर्वश्रेष्ठ 8 टीमें नॉकआउट स्टेज में जाएंगी।
मुकाबले के शुरुआती मिनटों से ही ऑस्ट्रेलिया ने गेंद पर नियंत्रण बनाया और लगातार पैराग्वे के डिफेंस पर दबाव डाला। टीम के दाएं फ्लैंक से जॉर्डन बोस, एडेन ओ'नील और क्रिस्टियन वोल्पाटो ने शानदार तालमेल दिखाया और कई अच्छे मूव बनाए। मैच का पहला बड़ा मौका चौथे मिनट में आया, जब क्रिस्टियन वोल्पाटो के शानदार कटबैक पर जैक्सन इरविन ने शॉट लगाया, लेकिन वह गोल में तब्दील नहीं हो सका। पहले हाफ में ऑस्ट्रेलिया ने कई बार गोल करने की कोशिश की, लेकिन पैराग्वे की मजबूत डिफेंस टीम के प्रयास को विफल किया।