फीफा वर्ल्ड कप 2026 में मोरक्को के खिलाफ होने वाले अपने पहले मुकाबले में ब्राजील फुटबॉल टीम स्टार खिलाड़ी नेमार के बिना खेलेगी। टीम के कोच कार्लो एंसेलोटी के अनुसार, पिंडली की चोट से उबर रहे नेमार पूरे ग्रुप स्टेज में शायद सिलेक्शन के लिए उपलब्ध नहीं हो पाएंगे।
कतर में हुए फीफा वर्ल्ड कप 2022 में सेमीफाइनल तक का सफर तय करने वाली मोरक्को टीम के खिलाफ मुकाबले से पहले कोच एंसेलोटी ने कहा कि नेमार में सुधार हो रहा है, लेकिन वह अभी वापसी के लिए तैयार नहीं हैं। एंसेलोटी ने कहा, "वह जल्द से जल्द फिट होने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। हमें उम्मीद है कि वह अगले हफ्ते पूरी ट्रेनिंग पर लौट पाएंगे।"
मोरक्को से पहले मैच में भिड़ने के बाद ब्राजील का ग्रुप एफ में 19 जून को हैती और 24 जून को स्कॉटलैंड से सामना होना है, हालांकि कोच ने किसी भी मैच के लिए नेमार के उपलब्ध होने की गारंटी नहीं दी। 34 साल के सैंटोस स्ट्राइकर शुक्रवार को फिर से ट्रेनिंग से गायब नजर आए। नेमार चोट के कारण पनामा और मिस्र के खिलाफ ब्राजील के वार्म अप मैच भी नहीं खेल पाए थे।