फीफा वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप सी के पहले मुकाबले में ब्राजील और मोरक्को के बीच 1-1 से ड्रॉ के बाद ब्राजील के हेड कोच कार्लो एंसेलोटी ने अपनी टीम का बचाव किया। उन्होंने कहा कि किसी भी टीम से यह उम्मीद नहीं की जा सकती कि वह टूर्नामेंट की शुरुआत बिल्कुल परफेक्ट तरीके से करे।
पांच बार की विश्व चैंपियन ब्राजील को न्यू जर्सी में खेले गए इस मैच में मोरक्को की मजबूत चुनौती का सामना करना पड़ा। शुरुआत में ब्राजील का प्रदर्शन अपेक्षा के अनुसार नहीं रहा और इसका फायदा मोरक्को ने उठाया। इस्माइल साइबारी ने शानदार गोल करके मोरक्को को मैच में 1-0 की बढ़त दिलाई, जिससे ब्राजील की टीम दबाव में नजर आई।
हालांकि ब्राजील ने जल्दी ही वापसी की। स्टार फॉरवर्ड विनीसियस जूनियर ने 32वें मिनट में बेहतरीन गोल करके स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। इसके बाद पहले हाफ के मुकाबले ब्राजील ने दूसरे हाफ में बेहतर खेल दिखाया।