घाना के फीफा वर्ल्ड कप 2026 से बाहर होने के बाद टीम के हेड कोच कार्लोस क्विरोज ने अपने पद से इस्तीफा देने का ऐलान किया है। घाना को राउंड ऑफ 32 मुकाबले में कोलंबिया के खिलाफ 0-1 से हार का सामना करना पड़ा था।
73 वर्षीय पुर्तगाली कोच को 2026 फीफा विश्व कप शुरू होने से करीब 10 सप्ताह पहले चार महीने के अनुबंध पर टीम की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। उन्हें घाना फुटबॉल एसोसिएशन ने ओटो एडो की जगह हेड कोच नियुक्त किया था। क्विरोज के कार्यकाल में घाना ने कुल पांच मैच खेले। इनमें टीम ने एक मैच जीता, दो मुकाबले ड्रॉ रहे और दो में हार का सामना करना पड़ा। इस दौरान घाना की टीम ने तीन गोल किए और तीन ही गोल खाए। हालांकि, टीम का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा, लेकिन क्विरोज ने खिलाड़ियों की मेहनत और टीम के भविष्य पर भरोसा जताया।
अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'फेसबुक' पर लिखे विदाई संदेश में कहा कि वह गर्व के साथ यह जिम्मेदारी छोड़ रहे हैं। उन्होंने लिखा, "फुटबॉल हमें हमेशा सिखाता है कि या तो आप जीतते हैं या फिर कुछ सीखते हैं। मैं इस सफर को गर्व के साथ छोड़ रहा हूं। हमने जो हासिल किया, उस पर खुशी है, लेकिन हमेशा और बेहतर करने की चाह भी बनी रही।"