फीफा वर्ल्ड कप 2026 में ग्रुप ई के मुकाबले में बड़ा उलटफेर देखने को मिला। फिलाडेल्फिया स्टेडियम में इक्वाडोर ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए चार बार की चैंपियन जर्मनी को 2-1 से हराया। इस जीत के साथ ही इक्वाडोर ने राउंड ऑफ 32 का टिकट हासिल कर लिया है।
मैच की शुरुआत से ही दोनों ही टीमों ने आक्रामक खेल दिखाया। जर्मनी ने मुकाबले के दूसरे मिनट में ही गोल दागते हुए 1-0 की बढ़त हासिल कर ली। टीम के लिए यह गोल लेरॉय साने ने किया। विर्ट्ज से मिले पास का फायदा उठाते हुए साने ने पेनल्टी एरिया के अंदर से शानदार शॉट लगाया, जो सीधा गोल पोस्ट में पहुंचा।
हालांकि, इक्वाडोर ने भी मुकाबले में जबरदस्त वापसी की और 9वें मिनट में ही स्कोर को 1-1 से बराबर कर दिया। नीलसन एंगुलो ने लंबी दूरी से कमाल का शॉट लगाते हुए गेंद को गोल पोस्ट में पहुंचाया। इसके बाद दोनों ही टीमों की तरफ से गोल करने के कई प्रयास किए गए, लेकिन पहले हाफ के अंत तक किसी को भी सफलता हाथ नहीं लग सकी।