FIFA World Cup: 'फीफा वर्ल्ड कप 2026' के अंतिम क्वार्टर फाइनल में अर्जेंटीना का सामना स्विट्जरलैंड से होगा। यह मुकाबला कैनसस सिटी स्टेडियम में रविवार सुबह 6.30 बजे (भारतीय समय के अनुसार) से खेला जाएगा।
मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना इस अहम मैच को जीतकर लगातार दूसरी बार फीफा वर्ल्ड कप के सेमी-फाइनल में जगह बनाने की कोशिश करेगा। अर्जेंटीना ने 'ग्रुप-जे' में लगातार तीन जीत हासिल की थीं, जिसमें लियोनेल मेसी के छह गोल शामिल थे। मेसी ने नॉकआउट दौर में भी दो और गोल किए, जिसमें मिस्र के खिलाफ 'राउंड ऑफ 16' में बराबरी का अहम गोल भी शामिल है। मेसी इस वर्ल्ड कप में अब तक 8 गोल कर चुके हैं। वह फीफा वर्ल्ड कप के इतिहास में सर्वाधिक 21 गोल करने वाले खिलाड़ी हैं। फैंस को उम्मीद है कि मेसी अपने इस रिकॉर्ड को और बेहतर करेंगे।
हालांकि, मिस्र और काबो वर्डे दोनों के खिलाफ जीत हासिल करने के लिए लियोनेल स्कालोनी की मौजूदा चैंपियन टीम को जबरदस्त दृढ़ संकल्प की जरूरत पड़ी। राउंड ऑफ 32 में पहली बार खेल रही टीम को हराने के लिए अर्जेंटीना को एक्स्ट्रा-टाइम में 'ओन-गोल' से मिली जीत का सहारा लेना पड़ा। इसके बाद नॉर्थ अफ्रीकी टीम के खिलाफ एक और कड़ा मुकाबला हुआ, जिसमें चैंपियन टीम ने देर से तीन गोल करके किसी तरह मिस्र को हराया।