फीफा वर्ल्ड कप 2026 के राउंड ऑफ 16 मुकाबले में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। नॉर्वे ने न्यूयॉर्क के न्यू जर्सी स्टेडियम में पांच बार की चैंपियन ब्राजील को 2-1 से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। नॉर्वे की जीत के नायक एर्लिंग हालैंड रहे, जिन्होंने मैच में दो गोल दागे।
इस जीत के साथ ही नॉर्वे ने पहली बार वर्ल्ड कप के क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। मैच की शुरुआत में दोनों टीमों का डिफेंस दमदार नजर आया और पहले हाफ में कोई गोल नहीं हो सका। हालांकि, ब्राजील को गोल करने के कई अच्छे मौके मिले, लेकिन टीम उन्हें भुनाने में नाकाम रही।
पहले हाफ में मैथियस कुन्हा को क्रिस्टोफर एजर द्वारा किए गए फाउल की वीएआर समीक्षा की गई, जिसके बाद ब्राजील को पेनल्टी मिली। हालांकि, ब्रूनो गुइमारेस इस बेहतरीन मौके का फायदा उठाने में नाकाम रहे और वह पेनल्टी पर गोल नहीं कर सके। ब्रूनो के शॉट को नॉर्वे के गोलकीपर ओर्जन नायलैंड ने नाकाम किया। सिर्फ ब्रूनो ही नहीं, बल्कि नायलैंड ने ग्रेबियल मार्टिनेली, विनीसियस जूनियर, रयान और ब्रूनो गुइमारेस के कई और प्रयासों को भी पहले हाफ में विफल किया।