फ्रांस ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 के क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। राउंड ऑफ 16 मुकाबले में फ्रांस ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पैराग्वे को 1-0 से हराया।
फ्रांस की इस जीत के नायक किलियन एम्बाप्पे रहे। एम्बाप्पे ने मैच का एकमात्र गोल किया। डिजायर डूए को पेनल्टी बॉक्स के अंदर फाउल किए जाने के बाद फ्रांस को पेनल्टी मिली। पेनल्टी का फायदा उठाते हुए एम्बाप्पे ने बिना कोई गलती किए गेंद को गोल पोस्ट में पहुंचाया। यह एम्बाप्पे का इस वर्ल्ड कप में सातवां गोल है। इसके साथ ही वह गोल्डन बूट की दौड़ में भी मजबूत दावेदार बने हुए हैं। वर्ल्ड कप के नॉकआउट मुकाबलों में यह उनका रिकॉर्ड 11वां गोल भी रहा। इसके अलावा, वह लगातार तीन वर्ल्ड कप में राउंड ऑफ 16 मैच में गोल करने वाले पहले खिलाड़ी बन गए।
हालांकि, फ्रांस के लिए यह मुकाबला बिल्कुल आसान नहीं रहा। पैराग्वे ने पूरे मैच में अनुशासित खेल दिखाया और मजबूत डिफेंस के बूते फ्रांस को ज्यादा मौके नहीं दिए। पहले हाफ में फ्रांस के पास गेंद पर ज्यादा नियंत्रण था, लेकिन टीम पैराग्वे के मजबूत डिफेंस को नहीं भेद सकी। फ्रांस के खिलाड़ियों के ज्यादातर प्रयास दूर से लगाए गए शॉट तक सीमित रहे, जिनका गोलकीपर ऑरलैंडो गिल ने आसानी से बचाव कर लिया।