फीफा वर्ल्ड कप 2026 में अपने ओपनिंग मुकाबले से पहले घाना को बड़ा झटका लगा है। टीम के अहम मिडफील्डर थॉमस पार्टे पनामा के खिलाफ होने वाले ग्रुप एल के मुकाबले में टीम का हिस्सा नहीं होंगे। कनाडा की एक कोर्ट ने थॉमस की वीजा अपील को खारिज कर दिया है।
'सिन्हुआ' की रिपोर्ट के मुताबिक, यह फैसला जज रोजर आर. लाफ्रेनियर ने सुनाया। कोर्ट ने माना कि खिलाड़ी अपनी अपील में कोई गंभीर कानूनी आधार साबित नहीं कर पाए और न ही उन्होंने इमिग्रेशन अधिकारियों के फैसले को पलटने लायक मजबूत कारण दिए। इसके चलते वीजा प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी। लाफ्रेनियर ने आगे कहा कि घाना के इस इंटरनेशनल खिलाड़ी को ब्रिटेन में उन पर लगे रेप और यौन उत्पीड़न के आरोपों से पैदा हुई चिंताओं के बारे में बताया गया था, लेकिन वीजा प्रोसेस के दौरान वह उन चिंताओं को ठीक से दूर करने में नाकाम रहे।
इस फैसले के कारण थॉमस अभी कनाडा में प्रवेश नहीं कर पाएंगे। इसका सीधा असर यह हो सकता है कि वह घाना के आने वाले मैचों में भी शायद न खेल पाएं। थॉमस को तभी राहत मिलने की उम्मीद है जब बाद में उनके मामले पर दोबारा विचार किया जाए या फिर उन्हें टेम्पररी रेजिडेंट परमिट के जरिए अनुमति मिल सके।