फीफा वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप-एफ के मुकाबले में जापान ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए ट्यूनीशिया को एकतरफा मुकाबले में 4-0 से हराया। विश्व कप के इतिहास में यह पहला मौका है, जब जापान ने एक मैच में चार गोल किए हैं। इस हार के साथ ही ट्यूनीशिया का टूर्नामेंट में सफर समाप्त हो गया है।
इस जीत के साथ ही जापान ने नॉकआउट स्टेज में पहुंचने की अपनी दावेदारा को पुख्ता कर लिया है। फीफा वर्ल्ड कप में एएफसी (एशियाई फुटबॉल परिसंघ) की टीमों के बीच खेले गए पिछले 151 मैचों में किसी भी टीम ने एक मुकाबले में चार गोल नहीं किए थे। जापान ने यह रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है और वह ऐसा करने वाला पहला एएफसी देश बन गया है। सिर्फ इतना ही नहीं, बल्कि जापान की यह जीत वर्ल्ड कप इतिहास में किसी भी एएफसी टीम की सबसे बड़ी जीत भी है।
जापान की बड़ी जीत की शुरुआत अयासे उएदा ने की। उन्होंने ऊंची छलांग लगाते हुए ट्यूनीशिया के डिफेंडरों के ऊपर से बेहतरीन हेडर लगाया और गेंद को गोल पोस्ट में पहुंचाते हुए जापान को 1-0 की बढ़त दिलाई। इस मुकाबले में उएदा ने दो गोल किए और इसके साथ ही वह फीफा वर्ल्ड कप के एक ही मैच में दो गोल करने वाले पहले जापानी खिलाड़ी बने।