FIFA World Cup: फीफा वर्ल्ड कप 2026 में इक्वाडोर पर सह-मेजबान मेक्सिको ने 2-0 से जीत दर्ज करते हुए 'राउंड ऑफ 16' में जगह बनाई, लेकिन खुशी और जश्न का माहौल कुछ देर बाद दुखद घटना में बदल गया। जश्न के दौरान मेक्सिको की राजधानी के डाउनटाउन इलाके में दम घुटने से तीन लोगों की मौत हो गई।
स्वास्थ्य अधिकारियों ने बुधवार को घटना की पुष्टि करते हुए बताया है कि शहर के मशहूर 'एंजेल ऑफ इंडिपेंडेंस' स्मारक के पास सड़कों पर दो महिलाएं और एक पुरुष अचेत अवस्था में पाए गए। यहां मंगलवार देर रात हजारों लोग राउंड ऑफ 32 मैच में मेक्सिको की जीत का जश्न मनाने के लिए जमा हुए थे।
'एबीसीन्यूजडॉटकॉम' की रिपोर्ट के अनुसार, मेक्सिको सिटी के स्वास्थ्य सचिवालय ने सोशल प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर बताया कि जिन लोगों की मौत हुई, उनकी उम्र 48, 44 और 19 साल थी। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि अधिकारियों ने मौतों के हालात के बारे में कोई और जानकारी नहीं दी।