इंग्लैंड के पूर्व स्टार स्ट्राइकर रॉबी फाउलर का मानना है कि फीफा विश्व कप 2026 के फाइनल में स्पेन की जीत इस बात पर निर्भर करेगी कि वह अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी को कितने प्रभावी ढंग से रोक पाते हैं। उनके अनुसार, मेसी जैसे खिलाड़ी के खिलाफ केवल मैन-मार्किंग पर्याप्त नहीं होती, बल्कि पूरी टीम को मिलकर यह सुनिश्चित करना होगा कि उन्हें गेंद मिलने के लिए समय और जगह न मिले।
जी5 के फीफा विश्व कप 2026 के एक्सपर्ट पैनल का हिस्सा रहे फाउलर ने कहा कि इंग्लैंड ने सेमीफाइनल के शुरुआती चरण में मेसी को रोकने की अच्छी रणनीति अपनाई थी। इंग्लैंड ने अर्जेंटीना के आक्रामक खिलाड़ियों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया और उनके बीच तालमेल बनने से रोका। इससे मेसी भी लंबे समय तक खेल पर अपनी छाप नहीं छोड़ सके।
फाउलर का कहना है कि किसी भी डिफेंडर या टीम का लक्ष्य सिर्फ गेंद छीनना नहीं होना चाहिए। असली चुनौती यह है कि मेसी तक गेंद पहुंचे ही नहीं। यदि उन्हें थोड़ी भी खुली जगह मिल जाती है, तो वह अपने अनुभव, तकनीक और खेल की समझ से मैच का रुख बदल सकते हैं। इसलिए डिफेंस और मिडफील्ड के खिलाड़ियों को लगातार उनकी गतिविधियों पर नजर रखनी होगी।