FIFA World Cup: फीफा वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप के मुकाबले में पुर्तगाल ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए उज्बेकिस्तान को 5-0 से रौंदा। ह्यूस्टन स्टेडियम में मिली पुर्तगाल की जीत के नायक स्टार खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो रहे, जिन्होंने मुकाबले में 2 गोल किए।
पुर्तगाल ने इस जीत के साथ ही राउंड ऑफ 32 में पहुंचने की अपनी दावेदारी को भी मजबूत कर लिया है। टीम के 2 मुकाबलों के बाद अब 4 प्वाइंट हो गए हैं और टीम ग्रुप में पहले स्थान पर पहुंच गई है। रोनाल्डो के अलावा, पुर्तगाल की ओर से नूनो मेंडेस और राफेल लियाओ ने भी एक-एक गोल दागा। वहीं, उज्बेकिस्तान के खिलाड़ी नेमातोव अपना ही गोल कर बैठे।
पुर्तगाल ने शुरुआत से ही मुकाबले का शानदार आगाज किया। मैच के छठे मिनट में ही रोनाल्डो ने अपनी क्लास दिखाई और टीम के लिए पहला गोल करते हुए 1-0 की बढ़त दिला दी। इस गोल के साथ ही रोनाल्डो ने ऐतिहासिक उपलब्धि भी हासिल की। वह छह विश्व कप में गोल करने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बने।