स्विट्जरलैंड ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 के क्वार्टर फाइनल का टिकट हासिल कर लिया है। स्विट्जरलैंड ने राउंड ऑफ 16 के मुकाबले में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कोलंबिया को पेनल्टी शूटआउट में 4-3 से हराया। 1954 के बाद पहली बार स्विट्जरलैंड ने विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई है।
रूबेन वर्गास ने विजयी किक मारकर स्विट्जरलैंड को सात दशकों में पहली बार क्वार्टर फाइनल में पहुंचाया। फीफा वर्ल्ड कप 2026 के अंतिम-8 में स्विट्जरलैंड का मुकाबला अर्जेंटीना से होगा। वैंकूवर में खेले गए इस मुकाबले में दोनों टीमें निर्धारित 90 मिनट और अतिरिक्त समय में भी कोई गोल नहीं कर सकीं। मैच के दौरान दोनों टीमों ने कई मौके बनाए, लेकिन कोई भी खिलाड़ी उन्हें गोल में तब्दील नहीं कर पाया। इसके बाद मुकाबले का फैसला पेनल्टी शूटआउट से हुआ, जिसमें स्विट्जरलैंड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की।
स्विट्जरलैंड के लिए रूबेन वर्गास ने सबसे अहम पेनल्टी को गोल में बदलकर टीम की जीत पक्की की। मैच के बाद उन्होंने कहा कि उन्हें यह भी यकीन नहीं था कि वह खेल पाएंगे, लेकिन टीम की मदद कर पाना उनके लिए बेहद खास पल है। उन्होंने बताया कि पेनल्टी लेने से पहले वह पूरे आत्मविश्वास में थे और खुशी है कि वह टीम को जीत दिलाने में सफल रहे।