FIFA World Cup: फीफा वर्ल्ड कप 2026 के राउंड ऑफ 16 मैच में मंगलवार को मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना ने मिस्र के खिलाफ 0-2 से पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए 3-2 से जीत हासिल की। अटलांटा में खेले गए इस मैच को अपने नाम करते हुए अर्जेंटीना ने क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की कर ली है। इस मैच में लियोनेल मेसी ने एक गोल में असिस्ट करने के बाद खुद भी एक गोल किया, जबकि एंजो फर्नांडीज ने स्टॉपेज टाइम (90+3') में विजयी गोल दागा।
अर्जेंटीना ने राउंड ऑफ 16 मैच में 0-2 से पिछड़ने के बाद वापसी की। मिस्र के लिए यासर इब्राहिम (15वें मिनट) और मुस्तफा जिको (62वें मिनट) ने गोल किए थे, जिससे मौजूदा चैंपियन के टूर्नामेंट से जल्दी बाहर होने का खतरा पैदा हो गया था, लेकिन मेसी ने अपना जादू दिखाया; पहले उन्होंने अटैक शुरू किया और 79वें मिनट में क्रिस्टियन रोमेरो के गोल में मदद की। इसके बाद 83वें मिनट में खुद भी गोल किया।
लुटारो ने एक लंबी गेंद एरिया में डाली, जो अर्जेंटीना के कप्तान के लिए सही जगह गिरी और उन्होंने उसे गोल की तरफ किक किया। गोलकीपर शोबेइर ने गेंद को छूने की कोशिश की, लेकिन वह बार से टकराकर अंदर चली गई और स्कोर 2-2 हो गया।