भारतीय महिला हॉकी टीम एफआईएच हॉकी वर्ल्ड कप 2026 क्वालीफायर में दूसरे स्थान पर रही। शनिवार को हैदराबाद के जीएमसी बालायोगी हॉकी ग्राउंड में हुए फाइनल मुकाबले में टीम को इंग्लैंड के हाथों 0-2 से हार का सामना करना पड़ा। इंग्लैंड की ओर से ग्रेस बाल्सडन (13वें मिनट) और एलिजाबेथ नील (43वें मिनट) ने गोल किए।
भारत ने मैच की शुरुआत आक्रामक अंदाज में की। नवनीत कौर ने शुरुआती दो मिनट के अंदर ही अपनी टीम के लिए एक पेनल्टी कॉर्नर हासिल कर लिया। हालांकि, इस सेट पीस से उन्होंने जो ड्रैग फ्लिक लगाई, उसे इंग्लैंड की गोलकीपर ने रोक दिया। मेजबान टीम ने जबरदस्त अनुशासन दिखाया। उन्होंने अपने डिफेंस को मजबूत बनाए रखा और साथ ही विरोधी टीम के पाले में भी सेंध लगाने की कोशिशें जारी रखीं।
हालांकि, पहले क्वार्टर के आखिर में इंग्लैंड ने मैच में अपनी पकड़ मज़बूत कर ली और दो मिनट शेष रहते एक पेनल्टी कॉर्नर हासिल कर लिया। ग्रेस बाल्सडन (13वें मिनट) ने इस मौके का पूरा फायदा उठाया। उन्होंने अपनी ड्रैग फ्लिक से गोल किया और इस टूर्नामेंट में पेनल्टी कॉर्नर से अपना पांचवां गोल दागते हुए इंग्लैंड को 1-0 की बढ़त दिला दी।