चीन की मेंस टेबल टेनिस टीम के पूर्व सदस्य फैंग बो अब भविष्य की प्रतियोगिताओं में कजाकिस्तान का प्रतिनिधित्व करेंगे। हालांकि, इसमें ओलंपिक खेल, वर्ल्ड चैंपियनशिप और वर्ल्ड कप शामिल नहीं होंगे। फैंग ने सोमवार को इसका ऐलान किया।
फैंग ने चीनी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'वीबो' पर लिखा, "मैं अपनी वापसी की घोषणा करता हूं और कजाकिस्तान का प्रतिनिधित्व करूंगा। मैंने नोमैड टेबल टेनिस एकेडमी के साथ सहयोग स्थापित किया है। मैं जून से वर्ल्ड टेबल टेनिस के इवेंट्स में प्रतिस्पर्धा करने की योजना बना रहा हूं। मेरे पास अभी भी चीनी नागरिकता है। मैं उन तीन बड़े टूर्नामेंट में प्रतिस्पर्धा नहीं करूंगा।"
34 वर्षीय फैंग ने चीन को टीम वर्ल्ड कप 2015 और वर्ल्ड टीम चैंपियनशिप 2016 जीतने में मदद की थी। 'सिन्हुआ' की रिपोर्ट के अनुसार, फैंग वर्ल्ड चैंपियनशिप 2015 के फाइनल में पहुंचे थे, जहां उन्हें अपने ही टीम के साथी मा लोंग से हार का सामना करना पड़ा था।