देशभर के लोगों को फिटनेस के प्रति जागरूक करने के लिए फिट इंडिया मूवमेंट के तहत सरकार हर रविवार को ''संडे ऑन साइकिल'' इवेंट का आयोजन करती है। इस इवेंट में हर क्षेत्र की नामी हस्तियां हिस्सा लेती हैं और लोगों को बेहतर फिटनेस और स्वस्थ रहने के लिए साइकिलिंग का सहारा लेने की अपील करती हैं। इस रविवार को संडे ऑफ साइकिल के 82वें संस्करण में भारतीय महिला हॉकी टीम की खिलाड़ी प्रीति दुबे, योग और वेलनेस कोच अनीता सोलंकी और फिट इंडिया चैंपियन चारुल मलिक शामिल हुईं।
प्रीति ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए लोगों को फिट रहने के लिए साइकिल का सहारा लेने की सलाह दी। उन्होंने सरकार द्वारा चलाई गई इस खास मुहिम की प्रशंसा की।
प्रीति ने कहा, "मैं बहुत खुश हूं कि मैं 'संडे ऑन साइकिल' का हिस्सा बनी। फिटनेस सिर्फ खिलाड़ी ही नहीं, बल्कि आम इंसान के लिए भी बेहद जरूरी है। ऐसे में लोगों से यही कहना चाहूंगी कि वह फिट इंडिया मुहिम से जुड़ें और खुद को फिट रखें।"