चेल्सी एफसी ने नए हेड कोच के तौर पर जाबी अलोंसो की नियुक्ति की है। जाबी अलोंसो का कार्यकाल 4 साल का होगा, जो 1 जुलाई, 2026 से शुरू होगा। चेल्सी ने सोशल मीडिया पर एक आधिकारिक बयान के जरिए इस नियुक्ति की घोषणा की।
क्लब ने लिखा, "चेल्सी फुटबॉल क्लब को पुरुषों की टीम के मैनेजर के तौर पर जाबी अलोंसो की नियुक्ति की घोषणा करते हुए बेहद खुशी हो रही है। पूर्व स्पेनिश खिलाड़ी 1 जुलाई, 2026 से अपना कार्यभार संभालेंगे। उनका कॉन्ट्रैक्ट चार साल का है। चेल्सी में आपका स्वागत है, जाबी।"
चेल्सी के मैनेजर के तौर पर अपनी पहली प्रतिक्रिया में अलोंसो ने कहा, "चेल्सी दुनिया के सबसे बड़े फुटबॉल क्लबों में से एक है। इस महान क्लब का मैनेजर बनना मेरे लिए बहुत गर्व की बात है। क्लब के मालिकों और स्पोर्टिंग नेतृत्व के साथ मेरी बातचीत से यह साफ है कि हम दोनों की सोच और लक्ष्य एक जैसे हैं। हम एक ऐसी टीम बनाना चाहते हैं जो लगातार सबसे ऊंचे स्तर पर मुकाबला कर सके और ट्रॉफियों के लिए लड़ सके। टीम में जबरदस्त प्रतिभा है और इस फुटबॉल क्लब में आगे बढ़ने की बहुत गुंजाइश है। इसका नेतृत्व करना मेरे लिए बहुत सम्मान की बात होगी। अब हमारा पूरा ध्यान कड़ी मेहनत करने, सही माहौल बनाने और ट्रॉफियां जीतने पर है।"