मैनचेस्टर सिटी ने रविवार को प्रीमियर लीग में टॉप पर चल रही आर्सेनल को एतिहाद स्टेडियम में रोमांचक मुकाबले में 2-1 से हराया। इस जीत के साथ ही मैनचेस्टर सिटी और आर्सेनल के बीच सिर्फ 3 अंकों का फासला बचा है। मैनचेस्टर सिटी अंक तालिका में दूसरे स्थान पर है।
मैच की शुरुआत में मैनचेस्टर सिटी ने आक्रामक खेल दिखाया। 16वें मिनट में रेयान चेर्की ने शानदार गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। चेर्की ने दो डिफेंडरों को छकाते हुए और डेविड राया के पास से दाहिने पैर से शॉट मारकर गेंद को गोल पोस्ट में पहुंचाया। हालांकि, इसके तुरंत बाद आर्सेनल ने वापसी की। मैनचेस्टर सिटी के गोलकीपर जियानलुइगी डोनारुम्मा की गलती का फायदा उठाकर काई हैवर्ट्ज ने शानदार गोल दागा और स्कोर को 1-1 से बराबर कर दिया। पहले हाफ में इसके बाद कोई और गोल नहीं हुआ और स्कोर 1-1 रहा।
दूसरे हाफ में मैनचेस्टर सिटी ने मैच पर पकड़ मजबूत कर ली। 65वें मिनट में एर्लिंग हालैंड ने सिटी के लिए मैच में दूसरा गोल किया और स्कोर को 2-1 कर दिया। इसके बाद आर्सेनल की तरफ से गोल करने के काफी प्रयास किए गए, लेकिन टीम को सफलता नहीं मिल सकी। मैनचेस्टर सिटी मुकाबले को 2-1 से अपने नाम करने में सफल रही।