रूस के सोची स्थित मात्सेस्ता फुटबॉल सेंटर में खेले गए अंडर-17 महिला टीमों के फ्रेंडली मैच में भारत की अंडर-17 महिला फुटबॉल टीम को रूस के खिलाफ 0-3 से हार का सामना करना पड़ा। यह दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला था। पहले मैच में भी भारत को 0-4 से हार झेलनी पड़ी थी।
मैच की शुरुआत से ही रूस की टीम ज्यादा आक्रामक नजर आई। मैच के शुरुआती मिनटों में रूस ने गोल करने की कोशिश की, लेकिन भारतीय गोलकीपर मुन्नी ने अच्छा बचाव किया। हालांकि, 18वें मिनट में रूस की सोफिया स्व्यात्नाया ने फ्री-किक पर गोल करके रूस को 1-0 की बढ़त दिला दी। सोफिया ने बाईं ओर से एक फ्री-किक मारी, जिसे मुन्नी को आसानी से पकड़ लेना चाहिए था, लेकिन गोलकीपर गेंद की गति का सही अंदाजा नहीं लगा पाईं, जिससे गेंद फिसलकर गोल-लाइन के पार चली गई।
1-0 से पिछड़ने के बाद भारतीय टीम ने खेल में सुधार किया और कुछ दमदार हमले किए। भारत की ओर से वैलाइना फर्नांडिस और ओलिविया चानू ने कुछ मौके बनाए, लेकिन रूस की गोलकीपर ने अच्छे बचाव किए। पहले हाफ में भारत बराबरी करने के करीब भी पहुंचा, लेकिन गोल नहीं हो सका और रूस 1-0 से आगे रहा।