एलेक्स जनार्डी का शनिवार को 59 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनके परिवार ने एक बयान जारी करते हुए इसकी पुष्टि की। परिवार के अनुसार, पूर्व चैंपियन ने अपने परिवार और करीबी दोस्तों के बीच शांतिपूर्वक अंतिम सांस ली।
जनार्डी अपने शानदार कमबैक के लिए दुनियाभर में जाने जाते थे। साल 2001 में एक रेसिंग दुर्घटना में उन्होंने अपने दोनों पैर गंवा दिए थे, जिससे उनका मोटर रेसिंग करियर समाप्त हो गया। हालांकि, जनार्डी ने हार नहीं मानी और पैरा साइकिलिंग में पहचान बनाई। इटली का प्रतिनिधित्व करते हुए उन्होंने पैरालंपिक गेम्स 2012 और 2016 में हिस्सा लिया, जहां उन्होंने 4 गोल्ड और 2 सिल्वर मेडल जीते।
जनार्डी के परिवार ने घोषणा की, "बड़े दुख के साथ परिवार एलेसेंड्रो जनार्डी के निधन की घोषणा करता है, जो कल शाम, 1 मई को हुआ। एलेक्स का निधन शांतिपूर्वक हुआ, उस समय उनके आस-पास उनका परिवार और दोस्त मौजूद थे। परिवार उन सभी लोगों का तहे दिल से शुक्रिया अदा करना चाहता है, जो इस समय अपना समर्थन दिखा रहे हैं, और अनुरोध करता है कि शोक की इस अवधि के दौरान उनके दुख और निजता का सम्मान किया जाए।"