भारत के पूर्व शूटर और दिग्गज शूटिंग कोच जसपाल राणा का शुक्रवार को 49 साल की उम्र में निधन हो गया। जसपाल एशियाई खेलों के पूर्व गोल्ड मेडलिस्ट थे और ओलंपिक मेडलिस्ट मनु भाकर की सफलता में भी उनका अहम योगदान रहा।
रिपोर्ट्स के अनुसार, जसपाल म्यूनिख में हुए आईएसएसएफ वर्ल्ड कप के बाद जर्मनी से लौट रहे थे और इस दौरान उनकी अचानक से तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वह मौजूदा समय में भारतीय पिस्टल निशानेबाजों के हाई परफॉर्मेंस कोच के रूप में काम कर रहे थे। उनकी अगुवाई में भारतीय टीम इस टूर्नामेंट में दो गोल्ड और दो सिल्वर मेडल जीतने में सफल रही थी।
जसपाल ने अपने करियर के दौरान एशियाई खेलों, कॉमनवेल्थ गेम्स और एशियाई चैंपियनशिप में कई मेडल जीते और भारत के दमदार शूटर के तौर पर विश्व में अपनी पहचान बनाई। उन्होंने अपने शानदार करियर में कॉमनवेल्थ गेम्स के चार संस्करणों- 1994, 1998, 2002 और 2006 में भारत का प्रतिनिधित्व किया और कुल 15 पदक जीते। इनमें 9 गोल्ड, 4 सिल्वर और 2 ब्रॉन्ज मेडल शामिल रहे। इसके अलावा उन्होंने एशियन गेम्स में भी देश के लिए कई मेडल जीते। 1994, 1998 और 2006 के एशियन गेम्स में उन्होंने कुल 8 मेडल हासिल किए।