फॉर्मूला 1 वर्ल्ड चैंपियनशिप के मियामी ग्रैंड प्रिक्स वीकेंड की शुरुआत बेहद रोमांचक रही। मैकलारेन के लैंडो नॉरिस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्प्रिंट रेस के लिए पोल पोजीशन अपने नाम कर ली। नॉरिस ने एक बेहतरीन लैप लगाकर मर्सिडीज के युवा और इन-फॉर्म ड्राइवर किमी एंटोनेली को पीछे छोड़ते हुए टीम को अहम बढ़त दिलाई।
नॉरिस ने 1:27.869 का तेज लैप टाइम निकाला, जो पूरे सेशन में सबसे बेहतर साबित हुआ। हार्ड रॉक स्टेडियम सर्किट पर उनकी समझ और कार पर पकड़ साफ नजर आई। उन्होंने एंटोनेली को 0.222 सेकंड के अंतर से पछाड़कर पोल पोजीशन हासिल की। इस उपलब्धि के बाद नॉरिस काफी खुश नजर आए।
नॉरिस ने कहा कि टीम ने कार में कई नए बदलाव किए हैं, जिनका सकारात्मक असर दिखा है। जीत टीम के इंजीनियरों और मैकेनिकों की मेहनत का इनाम है। कार में बेहतर ग्रिप मिलने से उन्हें ट्रैक पर आत्मविश्वास मिला।