भारत के स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा शुक्रवार को दोहा डायमंड लीग में चौथे स्थान पर रहे। नीरज चोपड़ा अपने प्रदर्शन से खुश हैं। उन्हें उम्मीद है कि सीजन के शेष हिस्से में वह इससे भी शानदार प्रदर्शन करेंगे।
सुहैन बिन हमाद स्टेडियम में खेली गई इस प्रतियोगिता में नीरज ने तीसरे प्रयास में अपना बेस्ट थ्रो (85.69) किया। भले ही नीरज टॉप-3 में जगह नहीं बना सके, लेकिन कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए क्वालीफाई कर लिया है। श्रीलंका के रुमेश पथिरगे 88.68 मीटर के थ्रो के साथ शीर्ष पर रहे, जबकि एंडसन पीटर्स (86.38) ने दूसरा स्थान हासिल किया। कर्टिस थॉम्पसन (85.99 मीटर के साथ टॉप-3 में जगह बनाने में कामयाब रहे।
शनिवार को दो बार के ओलंपिक मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा ने पत्रकारों से कहा, "मैं अपने प्रदर्शन से काफी खुश हूं। मैंने चोट से उबरकर काफी समय बाद प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था। मेरे लिए यह इस साल की पहली प्रतियोगिता थी। मैंने थ्रोइंग भी काफी देरी से शुरू की है। मोमेंटम बनने में समय लगता है। मेरी कुछ थ्रो अच्छी थी, लेकिन कुछ थ्रो दूरी के हिसाब से उतनी अच्छी नहीं थी। अभी पूरा सीजन बाकी है। उम्मीद है कि मैं इससे भी अच्छे थ्रो करूंगा। मैं जैसे-जैसे सेशन करूंगा और अच्छा प्रदर्शन कर सकूंगा।"