रांची के मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में चौथी साउथ एशियन सीनियर एथलेटिक्स चैम्पियनशिप (सैफ)-2025 शुक्रवार को शुरू हो गई। देर शाम रंगारंग कार्यक्रमों के बीच झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतियोगिता का उद्घाटन करते हुए सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस ऐतिहासिक प्रतियोगिता में छह देशों से पहुंची खेल प्रतिभाओं की मेजबानी करते हुए झारखंड गौरवान्वित है। उन्होंने कहा कि यह चैंपियनशिप केवल खेल का मंच नहीं, बल्कि दक्षिण एशियाई देशों के बीच एकता और भाईचारे का प्रतीक है। उन्होंने खिलाड़ियों से अपने सर्वोत्तम प्रदर्शन और खेल भावना बनाए रखने का आग्रह किया।
तीन दिन तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में दक्षिण एशिया के छह देशों—भारत, बांग्लादेश, भूटान, नेपाल, मालदीव और श्रीलंका—के लगभग 300 एथलीट हिस्सा ले रहे हैं। भारत की टीम में 70 से अधिक खिलाड़ी शामिल हैं, जो 37 स्पर्धाओं में पदक की चुनौती पेश करेंगे। 26 अक्टूबर तक चलने वाली इस प्रतिस्पर्धा में 111 पदक दांव पर होंगे।