हॉकी इंडिया ने गुरुवार को फ्रांस के पूर्व खिलाड़ी फ्रेडरिक सोयेज को भारतीय जूनियर पुरुष हॉकी टीम का कोच नियुक्त किया है। सोयेज भारतीय दिग्गज पी.आर. श्रीजेश की जगह लेंगे, जिनका कॉन्ट्रैक्ट दिसंबर 2025 में खत्म हो गया था।
यूरोपियन हॉकी के सबसे काबिल कोचों में से एक, सोयेज के पास तीन दशकों से ज्यादा का एलीट हॉकी अनुभव है। वह फ्रांस की तरफ से बतौर खिलाड़ी 15 साल इंटरनेशनल लेवल पर खेले। इसके साथ ही वह हेड कोच के पद पर भी रह चुके हैं। 1995 से लेकर 2010 तक सोयेज फ्रांस की तरफ से खेले। 196 मुकाबलों में, उन्होंने कुल 195 गोल दागे। इसके साथ ही, उनके पास कोचिंग का भी अच्छा खासा अनुभव मौजूद है। वह फ्रांस और स्पेन की नेशनल पुरुष टीम के हेड कोच भी रह चुके हैं।
वह तीन ओलंपिक खेलों में बतौर कोच शामिल हो चुके हैं। रियो ओलंपिक 2016 और टोक्यो ओलंपिक 2020 में वह स्पेन के कोच थे, जबकि पेरिस ओलंपिक 2024 में वह फ्रांस टीम के साथ थे। स्पेन के कोच रहते हुए उन्होंने टीम को 2019 यूरोपियन चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल दिलाया और साथ ही रियो और टोक्यो ओलंपिक में क्वार्टर-फाइनल में भी पहुंचाया।