ब्राजील के 19 वर्षीय खिलाड़ी जोआओ फोंसेका ने बड़ा उलटफेर करते हुए तीन बार की चैंपियन नोवाक जोकोविच को तीसरे राउंड में हराकर फ्रेंच ओपन 2026 से बाहर कर दिया। दो सेट से पिछड़ने के बाद फोंसेका ने मुकाबले में जबरदस्त वापसी की और हर किसी को अपने खेल से चौंका दिया।
पहले दो सेट के बाद फोंसेका के चेहरे पर निराशा दिख रही थी, जबकि जोकोविच दोनों सेट जीतकर मैच पर पूरी तरह से दबदबा बनाए हुए थे। हालांकि, ब्राजील के खिलाड़ी ने शानदार वापसी करते हुए अगले तीन सेट जीतकर रिकॉर्ड 24 ग्रैंड स्लैम जीतने वाले जोकोविच को 4-6, 4-6, 6-3, 7-5, 7-5 से हरा दिया।
क्ले कोर्ट पर खेले जा रहे टूर्नामेंट में यह दूसरा सबसे बड़ा उलटफेर है। जोकोविच से पहले जैनिक सिनर भी टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं। नतीजतन, पुरुषों के सिंगल्स मुकाबले में अब खिताब जीतने की दौड़ और ज्यादा खुली हो गई है, और कई खिलाड़ियों के पास जीतने का अच्छा मौका है। फोंसेका ने लगभग 4 घंटे 53 मिनट तक चले लंबे और कड़े मैच में जीत दर्ज की।