फ्रेंच ओपन: आंद्रीवा ने रोका कोस्त्युक का विजयरथ, पहली बार ग्रैंड स्लैम फाइनल में प्रवेश (Image Source: IANS)
मीरा आंद्रीवा ने अपने पहले ग्रैंड स्लैम फाइनल में जगह पक्की कर ली है। आंद्रीवा ने गुरुवार को रोलैंड गैरोस महिला सिंगल्स सेमीफाइनल में मार्ता कोस्त्युक को 6-1, 6-3 से हराया।
8वीं वरीयता प्राप्त इस रूसी खिलाड़ी को कोर्ट फिलिप-चैट्रियर पर फॉर्म में चल रही कोस्त्युक को हराने में सिर्फ 76 मिनट लगे, जिसके साथ कोस्त्युक की लगातार 17 मैचों की जीत का सिलसिला अचानक टूट गया।
19 वर्षीय आंद्रीवा फ्रेंच ओपन 2022 में कोको गॉफ के शानदार प्रदर्शन के बाद ग्रैंड स्लैम फाइनल में पहुंचने वाली सबसे युवा महिला खिलाड़ी बन गई हैं। वह 21वीं सदी में रौलैंड गैरोस के फाइनल में पहुंचने वाली तीसरी सबसे कम उम्र की खिलाड़ी भी हैं, उनसे आगे सिर्फ गॉफ और किम क्लाइस्टर्स हैं, जो 2001 में 17 साल की उम्र में चैंपियनशिप मैच में पहुंची थीं।