फ्रेंच ओपन में मंगलवार को वर्ल्ड नंबर 1 खिलाड़ी आर्यना सबालेंका ने स्पेन की जेसिका बूजास मानेरो को 6-4, 6-2 से शिकस्त देकर अपने अभियान की शुरुआत जोरदार तरीके से की। यह मुकाबला 1 घंटे 15 मिनट तक चला।
शीर्ष वरीयता प्राप्त आर्यना सबालेंका ने कोर्ट फिलिप-चैट्रियर पर अपने कौशल का प्रदर्शन करते हुए ग्रैंड स्लैम में पहले दौर में लगातार 22वीं जीत दर्ज की। सबालेंका क्ले-कोर्ट सीजन में कुछ उतार-चढ़ाव भरे प्रदर्शन के बाद पेरिस पहुंची थीं। सबालेंका ने ओपन एरा में 'सनशाइन डबल' हासिल करने वाली सिर्फ 5वीं महिला बनकर इतिहास रचा था।
मैड्रिड में हेली बैपटिस्ट और रोम में सोराना सिर्स्टिया से हाल ही में मिली हार ने कुछ शंकाएं पैदा कर दी थीं। इसके अलावा, बूजास मानेइरो ग्रैंड स्लैम के शुरुआती दौर में उलटफेर करने वाली खिलाड़ी के तौर पर अपनी पहचान बना चुकी थीं। इस स्पेनिश खिलाड़ी ने साल 2024 में विंबलडन की मौजूदा चैंपियन मार्केटा वोंद्रोसोवा को हराया था और पिछले साल रोलैंड गैरोस में एम्मा नवारो को भी चौंकाया था।