जर्मनी के अलेक्जेंडर ज्वेरेव ने रविवार को फ्रेंच ओपन के मेंस सिंगल्स फाइनल में इटली के फ्लेवियो कोबोली को 6-1, 4-6, 6-4, 6-7 (5), 6-1 से मात देकर अपना पहला ग्रैंड स्लैम खिताब जीत लिया है। कोर्ट फिलिप-चैट्रियर पर 4 घंटे 20 मिनट तक चले इस मुकाबले में, ज्वेरेव ने 2-1 की बढ़त गंवाने के बाद वापसी करते हुए निर्णायक पांचवें सेट में फ्रेंच ओपन का खिताब अपने नाम किया।
इसी के साथ ग्रैंड स्लैम खिताब के लिए ज्वेरेव का लंबा इंतजार खत्म हो गया। इससे पहले उन्हें साल 2020 में यूएस ओपन, साल 2024 में रोलैंड गैरोस और साल 2025 में ऑस्ट्रेलियन ओपन के फाइनल में हार का सामना करना पड़ा था।
यह ज्वेरेव के करियर का एक अहम खिताब है। उन्होंने पहले ही 2 एटीपी फाइनल्स खिताब, 7 मास्टर्स 1000 खिताब और 1 ओलंपिक गोल्ड जीता था, लेकिन अब 29 वर्षीय खिलाड़ी अपनी शानदार उपलब्धियों में एक ग्रैंड स्लैम खिताब भी जोड़ लिया है। वह 1937 में हेनर हेनकेल के बाद फ्रेंच ओपन जीतने वाले पहले जर्मन पुरुष खिलाड़ी बने हैं, और 1996 में बोरिस बेकर की ऑस्ट्रेलियन ओपन जीत के बाद कोई भी ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने वाले पहले जर्मन पुरुष खिलाड़ी बने।