भारत में निशानेबाजी के क्षेत्र में गगन नारंग का नाम बहुत ही सम्मान के साथ लिया जाता है। नारंग ने ओलंपिक में पदक जीतकर वैश्विक मंच पर देश का नाम रोशन किया है।
गगन नारंग का जन्म 6 मई 1983 को चेन्नई, तमिलनाडु में एक पंजाबी हिंदू परिवार में हुआ था। गगन का परिवार हरियाणा के पानीपत जिले के शिमला गुजरां गांव से है। नारंग के पिता भीमसेन नारंग को नौकरी की वजह से हैदराबाद में रहना पड़ा, जहां उनका पालन-पोषण हुआ। हैदराबाद के उस्मानिया विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन (बीसीए) की पढ़ाई करने वाले नारंग ने 1997 में निशानेबाजी शुरू की थी। इसी साल उनके पिता ने उन्हें एयर पिस्टल भेंट की थी।
नारंग के करियर पर गौर करें तो उन्होंने 26 अक्टूबर 2003 को हैदराबाद में एफ्रो एशियाई खेलों में पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता। इसके बाद विश्व कप 2006 में एयर राइफल स्वर्ण पदक जीता। नारंग ने 2006 के राष्ट्रमंडल खेलों में 4 स्वर्ण पदक जीता था।